हल्द्वानी। संगम विहार के पास बीएसएसी के छात्र को टक्कर मारने वाली बस दूसरे स्कूल की निकली। ओवरटेक करने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा। यह खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
नवाड़ खेड़ा गौलापार निवासी 16 वर्षीय मनोहर सिंह खंपा पुत्र स्व. वीरेंद्र सिंह खंपा एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह बुधवार दोपहर अपने दोस्त अर्पित की स्कूटी लेकर मोमो और चाऊमीन लेने आरटीओ रोड की तरफ जा रहा था। संगम विहार के सामने एस मोड़ पर एक पब्लिक स्कूल की बस ने दूसरी को ओवरटेक करने की कोशिश में मनोहर की स्कूटी को चपेट में ले लिया। मनोहर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। गुस्साई भीड़ ने एक स्कूल की बस के चालक और परिचालक की धुनाई लगा दी थी जबकि दोनों घटना से इन्कार कर रहे थे। मुखानी पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो जांच में पाया कि दूसरे स्कूल की बस से ही हादसा हुआ था। इस पर आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। हालांकि अब तक तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी मुखानी कमाल हासन ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।