हल्द्वानी। आरएफसी कुमाऊं ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) गोदाम में छापा मारा। छापेमारी के दौरान 29 अगस्त तक सात सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने खाद्यान्न नहीं उठाया था। आरएफसी ने डीएसओ को कड़ी फटकार लगा संबंधित राशन डीलरों की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पीडीएस प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
आरएफसी कुमाऊं ललित मोहन रयाल को शिकायत मिली की पीडीएस प्रणाली के तहत बंटने वाला खाद्यान्न 29 अगस्त तक नहीं उठ पाया है। इस पर बुधवार को ललिल मोहन रयाल ने पीडीएस गोदाम गांधी स्कूल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम इंचार्ज ने बताया कि सात सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने 29 अगस्त राशन नहीं उठाया है। इस पर ललित मोहन रयाल ने डीएसओ तेजबल को फोन कर कड़ी फटकार लगाई। इन सात दुकानों की जांच करने, इन दुकानों के क्षेत्र में जाकर उपभोक्ताओं से पूछने और इन पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। उधर छापेमारी से दोबारा सस्ते गल्ले कि दुकानों की वितरण प्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि 29 अगस्त तक जब सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने गोदाम से ही राशन नहीं उठाया तो वह 31 अगस्त तक राशन कैसे बांट देंगे। इससे साफ है कि यह खाद्यान्न खुले बाजार में बिक रहा है। इसके बावजूद अधिकारी कालाबाजारी को नहीं रोक सके हैं।
29 अगस्त तक सात दुकानों ने पीडीएस का नहीं उठाया खाद्यान
आरएफसी ने डीएसओ को लगाई फटकार, सात दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने के दिए निर्देश