भीमताल (नैनीताल)। धारी के सरना गांव में मृत उर्मिला के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट राजस्व पुलिस को मिल गई है। इस आधार पर राजस्व पुलिस ने बताया कि उर्मिला की हत्या नहीं हुई थी बल्कि उसने आत्महत्या की थी।
पटवारी हेम चंद्र पलड़िया ने बताया कि बुधवार को उर्मिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। इसमें उर्मिला की मौत का कारण दम घुटना आया है। इसके आधार पर उर्मिला की हत्या का आरोप गलत साबित हुआ है। रिपोर्ट के बाद राजस्व पुलिस ने मौत का कारण आत्महत्या माना है। पिछले माह 30 जून से लापता युवती उर्मिला की गुमशुदगी सात जुलाई को दर्ज हुई थी। उसका सड़ा-गला शव आठ जुलाई को गांव के मंदिर परिसर में बने कमरे में फंदे से लटका मिला था। इस मामले में उर्मिला के परिजनों ने उसी दिन गांव के युवक विनोद कुमार पर हत्या का आरोप लगाया था लेकिन गवाह न मिलने पर राजस्व पुलिस ने आठ जुलाई को हिरासत में लिए गए विनोद कुमार को कुछ दिन पूछताछ के बाद छोड़ दिया था।