हल्द्वानी। एसएसपी के पीआरओ ने राजपुरा में सोमवार की रात छापा मारकर 12 सट्टेबाजों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये 11 गाड़ियों की चाभियां और एलईडी बरामद किया है। पुलिस को पता चला कि संचालक यहां आईपीएल का सट्टा खिलाने के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह पर एक कारिंदा रखा है।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी को सूचना मिली कि राजपुरा में एक व्यक्ति कई दिनों से आईपीएल का सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर पीआरओ आरती पोखरियाल के नेतृत्व में भोटिया पड़ाव पुलिस ने राजपुरा स्थित सट्टे के अड्डे को घेरकर छापा मारा। छापे के दौरान खिलाड़ी भागने लगे। पुलिस ने मौके से 12 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये बरामद किया।
पुलिस ने कमरे से एक एलईडी बरामद किया। खिलाड़ियों का कहना था कि टीवी पर आईपीएल मैच के दौरान गेंद और रन पर सट्टे लगाए जाते थे लेकिन सोमवार को आईपीएल मैच नहीं था। इस कारण साधारण सट्टा चल रहा था। सट्टेबाजी का संचालक नीटू इंदिरानगर में रहकर ब्याज का कारोबार करता है। उसने रामपुर निवासी विजय कुमार को 25 हजार रुपये महीने पर रखा था।
विजय सट्टेबाजी के संचालन में सहयोग करता है। नीटू के दराज से 11 चाभियां पुलिस ने बरामद किया है। प्राथमिक जांच में आया है कि नीटू पैसा घटने पर वाहनों को गिरवी रख लेता है। सट्टेबाज ब्याज पर भी पैसे लेते हैं। चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि पूछताछ और अन्य जांच प्रक्रिया में देर लगेगी। पकड़े गए लोगों में कुछ तमाशबीन भी शामिल हैं। पूछताछ के बाद तमाशबीनों को छोड़ा जाएगा।
संचालक गायब, आईपीएल सट्टे के लिए 25 हजार रुपये पर रखा था कारिंदा