हल्द्वानी। राजस्व क्षेत्र स्थित खनस्यूं धारी के अलावा रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पीरूमदारा को थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिला पुलिस ने तीन नए थानों और राजस्व क्षेत्र की चार पुलिस चौकियों के लिए शासन से फोर्स स्वीकृत करने की मांग की है। दो नई चौकियों का प्रस्ताव पुलिस तैयार कर रही है। दो पुरानी चौकियों के लिए फोर्स की मांग की गई है।
जिला पुलिस के अनुसार राजस्व क्षेत्र में नए बनाए जाने वाले धारी थाने के लिए दो उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल, 14 कांस्टेबल, एक चालक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रथम चरण में चाहिए। इसी प्रकार खनस्यू के लिए भी धारी की तरह फोर्स की मांग की गई है। पीरूमदारा चौकी की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे नया थाना बनाने का प्रस्ताव एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने डीजीपी के माध्यम से शासन को भेजा है। काठगोदाम थाना क्षेत्र के लिए राजस्व क्षेत्र की नई पुलिस चौकी रौशिल बनाने की योजना है। एक चौकी में एक उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल, 11 कांस्टेबल, एक चालक और एक चतुर्थ श्रेणी फोर्स की जरूरत बताई गई है। इसी प्रकार मुक्तेश्वर थाने के धानाचूली और ओखलकांडा, भवाली थाना क्षेत्र के क्वारब को नयी चौकी बनाने का प्रस्ताव है। रिर्पोंटिग पुलिस चौकी हल्दूचौड़ और बिंदुखत्ता के लिए फोर्स की मांग की गई है। जिला पुलिस रामनगर थाना क्षेत्र के अमगढ़ी और मल्लीताल थाना क्षेत्र के पंगूट में नयी पुलिस चौकी बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि फोर्स की शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही थाने और चौकियों के भवन बनाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। यह पुराना नियम है कि थाना बनाने से पहले फोर्स की स्वीकृति लेनी पड़ती है। बता दें कि कोर्ट के आदेश पर राजस्व क्षेत्रों में जिला पुलिस ने थाना बनाने की योजना बनाई है।
दो नई चौकियों के लिए तैयार हो रहा प्रस्ताव, दो पुरानी चौकियों के लिए फोर्स मांगी गई
पुलिस फोर्स का प्रस्ताव स्वीकृत होने पर भवन होगा स्वीकृत : एसएसपी