हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने इंद्रानगर फाटक के समीप आल्टो कार से नौ गैस सिलेंडर बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जांच से पता चला कि गिरफ्तार आरोपी कार से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहा था। 2013 में भी पुलिस ने आरोपी को गैस कालाबाजारी में गिरफ्तार किया था।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि एसएसपी द्वारा गैस कालाबाजारी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार की सुबह इंद्रानगर फाटक के समीप तिराहे पर एक आल्टो कार (यूए04ई3694) को रोक लिया। तलाशी के दौरान आठ भरे और एक खाली सिलेंडर मिलने पर पुलिस ने कार चला रहे कृष्णा कालोनी शनिबाजार निवासी शंभू नाथ केसरवानी को पकड़ लिया। इस मौके पर पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक गीता डालाकोटी को बुलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 14 हजार 750 रुपये बरामद किए। गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष के साथ संजीत कुमार राठौर और सिपाही परवेज अली मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शंभूनाथ को पुलिस ने 2013 में भी गैस कालाबाजारी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है।
घर और दुकान से भी कालाबाजारी पहले पकड़ी गई
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि इसके पहले पुलिस ने शनिबाजार रोड पर दुकान से गैस की कालाबाजारी और इंद्रानगर में घर से गैस कालाबाजारी के खुलासा किया था। पुुलिस गैस की कालाबाजारी का नेटवर्क समाप्त करने की कोशिश कर रही है।