हल्द्वानी। एमबी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट और उसके साथियों पर हमले के मामले में पुलिस ने काफी दबाव के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि एक अन्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
एमबी डिग्री कॉलेज के पास रोजी की दुकान के सामने बृहस्पतिवार को दो पक्षों के युवक मीट खा रहे थे। एक पक्ष ने शराब का पौव्वा फेंक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। बीच बचाव करने में एमबीपीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगदीश सिंह बिष्ट, राहुल धामी और मनींदर घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड से तीनों पर हमला किया था। इस मामले में देर तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर काफी संख्या में भाजपा नेता थाने में इकट्ठा हो गए थे। देर रात पुलिस ने जगदीश की तहरीर पर धारा 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल केआर पांडे ने बताया कि विवेचक महेश जोशी ने राजपुरा निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट, बैलाजली लॉज निवासी सुमित बिष्ट, प्रदीप सागर और अरुण सागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस इसी मामले में अन्य आरोपी मोनू पंडित की गिरफ्तारी के लिए दोनहरिया स्थित घर में दबिश दी लेकिन वह घर में नहीं मिला।
छात्रनेताओं के दबाव पर हुई गिरफ्तारी
हल्द्वानी। पुलिस ने छात्रनेताओं के दबाव में गिरफ्तारी की है। विवेचना के दौरान 147,148,325 और 308 धाराएं बढ़ी हैं। एमबीपीजी कॉलेज के छात्रनेता कोतवाल से मिलने के लिए आए थे।
तीन घायलों को लेकर चल रही जांच
छात्रनेताओं पर हमले के बाद एक बाइक पर सवार तीन युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। इनमें संजय आर्या, विपिन गुप्ता सहित तीन लोग घायल हो गए थे। घायल संजय और विपिन अस्पताल में भर्ती है। घायलों के परिजनों का आरोप है कि छात्रनेताओं की गाड़ी की टक्कर से तीनों घायल हुए है। इस बारे में चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि घायलों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। शिकायत आने पर सीसीटीवी फुटेज से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।