हल्द्वानी। रेलवे स्टेशन से रोडवेज स्टेशन की ओर आ रहे बीमा कंपनी के कर्मचारी पर शनिवार सुबह दो लुटेरों से लूट की नीयत से हमला कर दिया। लुटेरों ने घेरकर बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर एक ने पीठ पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हिम्मत दिखाकर कर्मचारी लुटेरों से भिड़ गया और एक को दबोचा लिया। भीड़ जुटती देख लुटेरे का साथी भाग गया। पकड़े गए हमलावर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वारदात शनिवार सुबह केमू स्टेशन के सामने हुई। धारी मुक्तेश्वर निवासी प्रदीप बिष्ट गुड़गांव में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। वह मुखानी में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। सुबह वह रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन से हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर उतरे और रोडवेज की तरफ पैदल आने लगे। केमू स्टेशन पर पहुंचते ही लुटेरों ने उन्हें घेर लिया। शोरगुल की आवाज सुनते ही केमू स्टेशन पर मौजूद लोगों ने एक लुटेरे को पकड़कर बनभूलपुरा पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया आरोपी अल्मोड़ा जिले के धनकल द्वाराहाट निवासी संजय जोशी है। पूछताछ से पता चला कि उसका साथी भूरी नाबालिग है। पुलिस ने प्रदीप की तहरीर पर धारा 393, 323, 324 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि गिरफ्तार संजय जोशी नशे के लिए हाथ में इंजेक्शन लगवाता है। गोलियां खाता है। वह कभी बैलाजली लॉज और अन्य स्थानों पर सो जाता है। नशे के चलते पहले भी पुलिस उसे लूट की योजना बनाने और एनडीपीएस एक्ट में जेल भेज चुकी है।