किच्छा के पुलभटटा पुलिस की हिरासत में मुठभेड़ का आरोपी बदमाश। संवाद
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। पुलभट्टा पुलिस ने बरा में तीन नवंबर को हुई बदमाशों से मुठभेड़ के एक और आरोपी बरा निवासी आकाश दीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलभट्टा थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने बताया कि बीते दिनों हल्द्वानी में एक सराफा व्यवसायी पर कुछ बदमाशों ने फायर कर रंगदारी मांगी थी। तीन नवंबर को जिला पुलिस को नैनीताल पुलिस से सूचना मिली कि हल्द्वानी के सराफा पर फायरिंग करने वाले पुलभट्टा के बरा क्षेत्र में मौजूद हैं। इस पर पुलिस ने दबिश दी तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गुरदीप सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई थी जिसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके थोड़ी ही देर बाद तलाशी अभियान में घटनास्थल से करीब 15 किमी दूर से एक और बदमाश देवेंद्र सिंह उर्फ गिन्दी को सरकड़ा चौकी क्षेत्र तमंचा व कारतूस के साथ दबोचा गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया था कि सराफ पर हमला करने वालों में उनके साथी रमन कपूर उर्फ जिम्मी, मनोज अधिकारी और आकाश दीप सिंह भी शामिल थे।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर आकाश दीप सिंह को जीरो बंदा ग्राम अलीनगर शहदौरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हल्द्वानी की घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक, एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आकाश दीप ने ही पुलिस टीम पर फायर किया था।
उन्होंने बताया कि आकाश दीप सिंह ने नौ अगस्त को ग्राम अलीनगर शहदौरा से एक ट्रॉली चोरी करने की बात भी कबूली है। ट्रॉली आकाश दीप सिंह के ढाबे के पास से पूर्व में बरामद की जा चुकी है। उसके खिलाफ लालकुआं थाने में गैंगस्टर समेत दो और पुलभट्टा थाने में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट समेत तीन केस दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई कीर्ति भट्ट, सुरेंद्र सिह रिंगवाल, ललित चौधरी, गजेंद्र सिंह, मनोज बिष्ट थे।