रामनगर। पति की मारपीट से परेशान पीड़िता ने महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी से न्याय की गुहार लगाई है। उसने अपने पति पर उसे प्रताड़ित कर एक बच्ची को बेचने का भी आरोप लगाया है।
आयोग की उपाध्यक्ष अमिता ने बताया कि थैलीसैंण पौड़ी गढ़वाल निवासी एक महिला का कुछ समय पहले अपने पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह काशीपुर ऊधमसिंह नगर में कमरा लेकर वहां की एक फैक्ट्री में काम करने लगी।
इसी दौरान उसकी मुलाकात धूमाकोट पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति से हुई। दोनों में प्रेम होने पर उन्होंने गर्जिया मंदिर में शादी कर ली थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे। 2015 में उसकी पहली पुत्री हुई। इसे उसके पति ने बेच दिया।
उसके बाद दूसरी पुत्री हुई। इसे भी वह बेचने के लिए दबाव बनाने लगा। मां के मना करने पर उसको मारा, पीटा गया। घर से पैसे मांगकर लाने को कहा गया। इसके लिए वह लगातार उत्पीड़न कर रहा है। पीड़िता ने लोहनी को बताया कि आरोपी ने खुद की पत्नी के मरने की बात कही जबकि उसकी पहली पत्नी जीवित है और वह उसके साथ भी रहता है।
कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा है उन्होंनेे इस मामले में पुलिस को भी सूचित कर दिया है लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस जांच में जुटी है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।