बरामद मावा का सैंपल भरते खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा।
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। सीपीयू ने नैनीताल रोड पर चेकिंग के दौरान बुधवार दोपहर मावा से भरी टैक्सी को पकड़ लिया। सीपीयू ने टैक्सी को ओवरलोडिंग के आरोप में जब्त कर लिया। मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मावा के कट्टों से सैंपल भी भरा है।
सीपीयू प्रभारी कमल कोरंगा और सिपाही मोहम्मद इरफान नैनीताल रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। डिग्री कॉलेज के पास सीपीयू ने टैक्सी को रोककर तलाशी ली। टैक्सी में सात कुंतल मावा लदा था जबकि चालक के पास चार कुंतल मावे की रसीद मौजूद थी। सीपीयू प्रभारी कोरंगा ने बताया कि चालक टैक्सी वाहन का व्यावसायिक प्रयोग कर रहा था। इसके अलावा टैक्सी ओवरलोड थी। सीपीयू ने टैक्सी को कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी थाने में आए। उन्होंने चालक से पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह बाजपुर बस अड्डे से मावा लाया था। यह मावा काशीपुर की एक फर्म का है। मावा को अल्मोड़ा पहुंचाना था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दो कट्टों को खोलकर सैंपल भरा है।