दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास, संजय सिंह व अन्य पर उत्तराखंड में 2013 में आई आपदा पीड़ितों की मदद के नाम पर चंदा वसूलने और उससे पीड़ितों को कोई मदद न पहुंचाने का गंभीर आरोप लगा है। इस आरोप में उनके खिलाफ उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। साफ सुथरी तथा ईमानदार व पारदर्शी कार्यप्रणाली का दावा करने वाले केजरीवाल व आप के अन्य नेताओं के लिए यह प्रकरण भारी साबित हो सकता है। हाईकोर्ट ने इस प्रकरण में सुनवाई के लिए 16 अप्रैल की तिथि नियत की है।
वरिष्ठ न्यायमूर्ति वीके बिष्ट एवं न्यायमूर्ति यूसी ध्यानी की संयुक्त खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। भनियावाला देहरादून निवासी संजय कुमार प्रजापति ने आप के नेताओं पर उत्तराखंड में 2013 में आई आपदा के नाम पर चंदा वसूली करने तथा चंदे में प्राप्त राशि से आपदा पीड़ितों की कोई मदद न करने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि 2013 में उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा के बाद आम आदमी पार्टी आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और कुमार विश्वास सहित अन्य ने उत्तराखंड में लोगों से आपदा पीड़ितों की मदद के नाम पर चंदा वसूला था।
इसके लिए उन्होंने अपनी वेबसाइट पर चंदा देने वाले व्यक्तियों के नाम सहित जानकारी तथा चंदे के लिए अपील अपलोड की थी, जो दो माह तक वेबसाइट पर रही। याचिकाकर्ता के अनुसार इसके बाद इस पैसे का क्या किया गया इसकी कोई जानकारी कहीं उपलब्ध नहीं है। याचिकाकर्ता के वकील मनीष अरोड़ा ने कोर्ट में कहा कि इस प्रकरण की जांच के लिए डीएम को जांच अधिकारी बनाकर इसकी जांच करवाई जानी चाहिए। याचिका में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कुमार विश्वास, संजय सिंह सहित अन्य लोगों को पार्टी बनाया गया है।