शिक्षा विभाग में शिक्षकों के अनिवार्य स्थानांतरणों की सूची जारी होने के बाद अब विभाग ने अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण करने की कवायद शुरू कर दी है।
इसके तहत अब नौ और दस जुलाई को कुमाऊं मंडल के शिक्षकों की दो दिनी काउंसलिंग जीजीआईसी नैनीताल में होगी। मंडलीय कार्यालय की ओर से काउंसलिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंडलीय अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) सुषमा सिंह ने बताया कि सहायक अध्यापक एलटी के लिए 796 और प्रवक्ता संवर्ग में 409 शिक्षकों के अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण के लिए आवेदन पत्र मिले हैं।
उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की ओर से स्थानांतरण नियमावली में निहित प्रावधानों के तहत स्थानांतरण आवेदन पत्र पेश नहीं किए गए हैं, वह शिक्षक काउंसलिंग में हिस्सा नहीं ले सकते।
उन्होंने कहा कि अनुरोध के आधार पर पति-पत्नी, विकलांग, गंभीर रूप से बीमार, मानसिक रूप से विक्षिप्त बच्चों के शिक्षक माता-पिता, विधवा, परित्यक्ता, विधुर, भारतीय सेना में कार्यरत सैनिक की पत्नी, दुर्गम से दुर्गम और सुगम से दुर्गम क्षेत्रों में स्थानांतरण के पात्र शिक्षकों के स्थानांतरण होने हैं।
एडी के मुताबिक जिन शिक्षकों के अनुरोध के आधार पर स्थानांतरण के लिए आवेदन पत्र संबंधित जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी दफ्तर के माध्यम से मंडलीय दफ्तर को मिले हैं, उनकी सूची विभागीय वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट स्कूल एजूकेशन डाट यूके डाट जीओवी डाट इन में अपलोड कर दी गई है।