शिक्षा विभाग की ओर से कुमाऊं मंडल में अनुरोध के आधार पर एलटी और प्रवक्ता शिक्षकों की काउंसलिंग शुक्रवार को जीजीआईसी में हुई। इस दौरान जीजीआईसी में दोनों संवर्गों के 574 शिक्षकों की काउंसलिंग हुई।
अनुरोध के आधार पर तबादलों के लिए शुक्रवार को दुर्गम से दुर्गम श्रेणी, सुगम से दुर्गम श्रेणी और दुर्गम क्षेत्र के लिए पारस्परिक स्थानांतरण होने थे।
इसमें प्रवक्ता संवर्ग के 340 में से 148 और एलटी संवर्ग में 518 में से 426 शिक्षक काउंसलिंग में शामिल हुए। इसमें अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा सुषमा सिंह, सीमैप के अपर निदेशक एबी जोशी, नैनीताल के सीईओ आरएल आर्य, यूएसनगर की डा.नीता तिवारी, पिथौरागढ़ के अशोक जुकारिया, अल्मोड़ा के एसबी चंद, चंपावत के आरपी आर्य, ललित उपाध्याय, नीरज लोहनी, मनोज चौधरी, आलोक जोशी आदि जुटे रहे।
अपर निदेशक सुषमा सिंह ने कहा कि असंगत, संवर्ग से बाहर, सरप्लस और अनिवार्य स्थानांतरण के तहत जिन शिक्षकों का समायोजन और स्थानांतरण हुआ है, वह शिक्षक अपने स्कूलों में कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।
राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बोरा औैर महामंत्री सोहन सिंह मेहता ने कहा कि काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाले सभी शिक्षकों को एक दिन का विशेष अवकाश स्वीकृत किया गया है।
इस संबंध में उनकी एडी सुषमा सिंह से वार्ता हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक डा. एसबी जोशी और एडी सुषमा सिंह के दिशा निर्देशन में चल रही काउंसलिंग में पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है। इसकी वीडियोग्राफी भी की जा रही है।