नैनीताल। कुमाऊं मंडल विकास निगम प्रबंधन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को छठे वेतनमान के एरियर के रूप में 62 लाख रुपये, ग्रेच्युटी मद में सवा करोड़ और अवकाश नकदीकरण के रूप में 40 लाख रुपये का भुगतान करने का निर्णय लिया है।
निगम के महाप्रबंधक एपी वाजयेपी ने बताया कि प्रबंधन निगम में कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों के लिए गंभीर है। कोविड काल में भी निगम प्रबंधन ने अपने सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराया था। जनवरी 2022 से अब तक निगम के सेवानिवृत्त कार्मिकों को ग्रेच्युटी मद में 285 लाख रुपये और छठे वेतनमान के एरियर के रूप में दो किश्तों में 145 लाख रुपये व अवकाश नकदीकरण के रूप में 90 लाख का भुगतान कर चुका है। महाप्रबंधक वाजपेयी ने बताया कि इसी साल अप्रैल में सेवारत कार्मिक के डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। अप्रैल में ही संविदा पर कार्यरत तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का बारह सौ रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का आठ सौ रुपये मानदेय बढ़ाया गया है।