कोटाबाग। क्षेत्र में कोरोना वायरस से जुड़ा एक मामला सामने आया है। दिल्ली से आई युवती की जांच की गई है जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। फिलहाल युवती को आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक 20 वर्षीय युवती सोमवार को इलाज कराने आई। डॉ. सलीम अंसारी ने जांच की तो पता चला कि युवती को बुखार आने के साथ सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। डॉ. अंसारी ने उसे अगले दिन जांच के लिए हल्द्वानी भेज दिया। एसटीएच में कोरोना वायरस की जांच के लिए युवती का सैंपल लिया गया और उसे 14 दिन के लिए आइसोलेशन वॉर्ड में रख दिया।
बुधवार को जांच की रिपोर्ट आ जाएगी। जिसके बाद ही पुष्टि हो पाएगी। युवती गिनती गांव की रहने वाली है। वह दिल्ली में कोचिंग करती है। करीब एक हफ्ता घर पर रहने के बाद उसे बुखार आया जिसकी जांच के लिए वह सामुदायिक केंद्र में आई थी। डॉ. सलीम अंसारी ने बताया कि रोजाना करीब 30 मरीज अपनी जांच कराने आ रहे हैं। कहा कि लॉकडाउन के बाद भी लोग अन्य राज्यों से प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं।