गरमपानी (नैनीताल)। जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट सुयालबाड़ी में बीते दो दिनों में 11 छात्र-छात्राओं के साथ प्राचार्य के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सभी को विद्यालय के हॉस्टलों में आइसोलेट किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की टीम संक्रमित बच्चों और प्राचार्य की स्वास्थ्य संबधित जानकारी के देखरेख में लगे हुए हैं। साथ ही विद्यालय प्रबंधन संक्रमितों के खानपान पर विशेष ध्यान रख रहा है और पीपीपी किट पहनकर समय-समय पर भोजन-पानी दे रहा है।
विद्यालय में संक्रमित मिले 11 छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के मद्देनजर अलग-अलग हॉस्टल में रखने के साथ बच्चों की देखदेख के लिए शिक्षक भी ड्यूटी में लगे हुए थे। विद्यालय में स्थिति सामान्य है।
सीएचसी गरमपानी के कोविड के सैंपलिंग प्रभारी गिरीश चंद्र पांडेय ने बताया विद्यालय के 488 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। विद्यालय के प्राचार्य राज सिंह ने बताया कि संक्रमित आए छात्र छात्राओं की देखरेख के लिए डॉक्टरों की टीमें समय-समय पर विद्यालय में आ रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्थिति सामान्य है। साथ ही परिसर में साफ-सफाई के साथ कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है।
गरमपानी और खेरना क्षेत्र में कोरोना को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के लोगों को मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाने के साथ ही कोरोना का टीका लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।