रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पार्क प्रशासन ने नई योजना बनाई है। इसके तहत जंगल सफारी करने वाले पर्यटकों को प्लास्टिक की जगह कांच की बोतलें दी जाएंगी। पार्क प्रशासन ने इसके लिए बोतल बनाने वाली मशीन का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा है।
प्रस्ताव पास होते ही सीटीआर में इस योजना की शुरुआत की जाएगी। यह मशीन एक दिन में ढाई हजार बोतलें बना सकती है। शुरुआत में इसे ढिकाला और बिजरानी जोन में लागू करने की तैयारी है।
वर्तमान में पर्यटक जंगल सफारी के दौरान प्लास्टिक की बोतलों का उपयोग करते हैं। इससे जंगल में बोतलें फेंके जाने और कूड़ा निस्तारण की समस्या बनी रहती है। नई पहल से इस समस्या का समाधान होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
बोतल बनाने वाली मशीन का प्रस्ताव भेजा है। मशीन आने के बाद बोतल के उत्पादन में जितना खर्च आएगा उसके अनुसार बोतल का शुल्क तय किया जाएगा।
- डॉ. साकेत बडोला, निदेशक, सीटीआर