रामनगर। बारिश के चलते कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) का झिरना, ढेला जोन शनिवार से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। सीटीआर के निदेशक समीर सिन्हा ने बताया कि लगातार बारिश होने, नालों का जलस्तर बढ़ने से पार्क के दोनों जोन डे-विजिट के लिए बंद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय अगले आदेशों तक लिया गया है। बारिश रुकने के बाद सड़कों का सर्वे किया जाएगा। सड़कें सुधरने के बाद ही दोनों जोन खोले जाएंगे।
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन समेत वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। कॉर्बेट नेशनल पार्क में पहली बार 12 नर हाथी गश्त, पर्यटकों को सफारी कराएंगे। इसके लिए दो माह के भीतर कर्नाटक से 12 नर हाथी मंगाए जाएंगे।
सीटीआर के निदेशक समीर सिन्हा ने बताया कि हाथियों को उत्तराखंड लाने की कवायद दो साल से चल रही थी। यह प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई है। जिसके तहत कर्नाटक सरकार ने अपने मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को उत्तराखंड सरकार को 12 नर हाथी देने की अनुमति दे दी है।
जिसके अनुपालन में एक-दो माह के भीतर यहां 12 नर हाथी पहुंच जाएंगे। अभी तक कॉर्बेट पार्क में मादा हथनियों से ही गश्त, पर्यटकों को सफारी कराई जाती थी। अब मेल पालतू हाथी अपने लंबे दांतों की खूबसूरती से पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। 15 नवंबर से शुरू होने वाले पार्क में नए सत्र के दौरान पालतू नर हाथी पर्यटकों को घुमाने के लिए उपलब्ध रहेंगे।