गरमपानी (नैनीताल)। पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ का करार खत्म होने से बच्चों का इलाज नहीं हो पा रहा है। इसके चलते ग्रामीण अपने बच्चों को 120 किमी दूर हल्द्वानी के अस्पताल ले जाने के लिए मजबूर है। इसके अलावा उन्हें नैनीताल, रानीखेत और अल्मोड़ा के अस्पतालों में भी नौनिहालों को दिखाना पड़ रहा है। इससे उनका समय और आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
गरमपानी के प्रशासक त्रिभुवन पाठक ने बताया कि तीन ब्लॉकों को जोड़ने वाले अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ नहीं होने से बच्चों का इलाज नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सीएचसी में जल्द बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की है।
सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश पंत ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ का करार समाप्त हो चुका है। इस मामले में सीएमओ से पत्राचार कर चिकित्सक की तैनाती की मांग की है।