मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच नैनीताल में शुक्रवार देर रात से बारिश का दौर जारी है। शनिवार सुबह से भी लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि लगातार बारिश से नैनी झील का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मॉलरोड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम आवाजाही देखने को मिली। कई जगह सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट के मद्देनजर जिले में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लगातार बारिश के कारण शहर में यातायात भी प्रभावित रहा। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है। मौसम का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई दिया और सामान्य दिनों की तुलना में शहर में पर्यटकों की आवाजाही कम रही।