हल्द्वानी। बनभूलपुरा के दोनों कंटेनमेंट जोन उजाला नगर और छोटी रोड इंदिरा नगर में प्रशासन ने शनिवार को सख्ती से लोगों की आवाजाही का प्रतिबंधित कर दिया है। कंटेनमेंट जोन में खुलीं किराना, राशन और सब्जी की 38 दुकानों को भी बंद करवा दिया। एसडीएम ने निर्देश दिए हैं कि रोस्टर के हिसाब से किराना और सब्जी की एक-एक दुकान खोली जाएगी। यानी कि दो दिन एक दिन खुलेगी और इसके बाद रोस्टर के आधार पर दूसरी दुकान खुलने की अनुमति दी जाएगी।
कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग में थोड़ा सा हिस्सा खुला होने के कारण शनिवार को दूसरे क्षेत्रों के लोगों की भी आवाजाही देख अधिकारियों ने क्षेत्र को बैरिकेडिंग से पूरी तरह बंद करवाया। इसके बाद नोडल अधिकारी एसडीएम विवेक राय करीब 11 बजे कंटेनमेंट जोन में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां किराना, राशन व सब्जी की दुकानों पर भीड़ एकत्र देख सभी दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि दुकानों खुलने पर लोग दूरी नहीं बना रहे थे। शिकायत मिलने पर छोटी रोड इंदिरा नगर की 16 और उजालानगर की 22 दुकानों को बंद करा दिया।
अब यह होगा
-खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा दोनों कंटेनमेंट जोन में रोस्टर के अनुसार राशन व सब्जी की दुकानों को खुलवाने की व्यवस्था करेंगे। दोनों कंटेनमेंट जोन में प्रतिदिन एक राशन और एक सब्जी की दुकान ही खुलेगी। एक दुकानदार को दो दिन दुकान खोलने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद रोस्टर के अनुसार दूसरे दुकानदार को मौका मिलेगा।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी
एसडीएम ने दुकानों के खुलने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग पर खास ध्यान देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेसिंग का पालन न करने वाले और मास्क न लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर थर्मल स्कैनिंग के साथ ही लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया, जिस व्यक्ति में भी बुखार आदि की शिकायत मिली उनकी जांच पड़ताल गहनता की गई।
पॉजिटिव वाले परिवार बाहर नहीं निकलेंगे
पुलिस ने बताया कि जिन घरों के लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने की इजाजत है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही ऐसे लोगों को बाहर निकलने की छूट दी जाएगी।
3071 लोगों का सर्वे पूरा
हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंदिरा नगर के 58 घरों में 345 लोगों, उजाला नगर के 40 घरों में 175 लोगों का सर्वे किया गया। एक जुलाई से अभी तक कंटेनमेंट जोन में 3071 लोगों का सर्वे किया जा चुका है।
123 लोगों के लिए सैंपल
हल्द्वानी। जनपद में शनिवार को 123 लोगों के कोरोना जांच के सैंपल लिए गए हैं। 220 सैंपलों के नतीजे आना अभी बाकी हैं। जनपद के तमाम क्वारंटीन सेंटरों में 516 लोग हैं। पिछले 2 महीने में अभी तक 36074 लोग बाहरी जनपदों से यहां आ चुके हैं।
कंटेनमेंट जोन में जून का राशन नहीं मिल
हल्द्वानी। 111 सस्ता गल्ला विक्रेताओं को जून का राशन जारी नहीं हो पाया है। अब एसडीएम ने पूर्ति विभाग को कंटेनमेंट जोन के सात दुकानदारों को जून का राशन जारी करने के आदेश दिए हैं।
जून के कोटे के लिए पूर्ति विभाग को 1900 क्विंटल गेहूं और 2900 क्विंटल चावल की आवश्यकता है। राशन नहीं मिलने के कारणों की जांच शासन स्तर पर बनी कमेटी कर रही है। उधर एसडीएम विवेक राय ने कंटेनमेंट जोन में पूर्ति विभाग के अधिकारियों से जून माह का राशन बांटने के लिए कहा है। पूर्ति निरीक्षक रवि सनवाल ने बताया कि राशन की व्यवस्था होते ही जून माह का राशन वितरण किया जाएगा।