सीपीयू ने सरस मार्केट के सामने शनिवार दोपहर यूपी एससी (संघ लोकसेवा आयोग) की कार से लालबत्ती उतरवाई और सौ रुपये का चालान किया। कार में पीसीएस अधिकारी मौजूद थे। कालाढूंगी चौराहे पर भी सीपीयू ने एक कांग्रेस नेता की कार से बोर्ड उतरवाकर चालान किया।
सीपीयू के इंस्पेक्टर हरिकेश सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक महिपाल सिंह और कांस्टेबल संतोष ध्यानी नैनीताल रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। सरस मार्केट के सामने एक कार (यूपी 25 बीजे 0324) में लालबत्ती देखते ही सीपीयू के जवानों ने पूछताछ की तो चालक रिंकू पटेल ने बताया कि कार संघ लोक सेवा आयोग के अधिकारियों की हैं।
कार में आयोग के सदस्य प्रदीप जोशी मौजूद हैं। सीपीयू ने कहा कि प्राइवेट कार में लालबत्ती का प्रयोग गलत है। सीपीयू ने लालबत्ती उतरवाने के बाद सौ रुपये का चालान कर कार को छोड़ दिया। कालाढूंगी चौराहे पर उपनिरीक्षक दयानंद रजवार और कांस्टेबल राजेंद्र सिंह मौजूद थे। उन्होंने आल्टो कार पर अध्यक्ष विधानसभा ऊधमसिंह नगर का बोर्ड देखकर रोक लिया। कार में पंजाबी कालोनी निवासी प्रीत कुमार मौजूद रहे। पूछने पर उन्होंने बताया कि वह यूथ कांग्रेस में पहले विधानसभा अध्यक्ष थे। इसी कारण बोर्ड लगाया था। सीपीयू गलत बोर्ड लगाने के मामले में दो सौ रुपये का चालान किया और बोर्ड को हटवा दिया।