स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले का रामगढ़ ब्लाक शत प्रतिशत शौचालय बनाने वाला प्रदेश का पहला ब्लाक घोषित किया गया है। 90 फीसदी शौचालय बनाने के बाद प्रदेश में नैनीताल जिला तीसरे स्थान पर है। जिलाधिकारी दीपक रावत ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने रामगढ़ की ब्लाक प्रमुख पुष्पा नेगी को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी रावत ने बताया कि पूर्व में हुए सर्वे में रामगढ़ ब्लाक में 8434 परिवार शौचालय विहीन चिह्नित किए गए थे। जून के पहले हफ्ते में सभी परिवारों के लिए शौचालय बनवाकर रामगढ़ ब्लाक को खुले में शौच से मुक्त घोषित कर दिया गया। उन्होंने जिले के अन्य सभी ब्लाकों के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहा कि वह भी रामगढ़ ब्लाक की तरह जिले को निर्मल जिला बनाने के लिए आगे आएं। उन्होंने बताया कि जिले में हल्द्वानी ब्लाक में 2917, ओखलकांडा में 2712, बेतालघाट में 1061, भीमताल में 1571, धारी में 1424, कोटाबाग में 2460 और रामनगर में 3707 शौचालय विहीन परिवारों के शौचालय बनाए जाने हैं। इसके लिए सभी से भी सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वन ग्रामों व खत्तों में रह रहे परिवारों के लिए भी शौचालय बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने पंचायत सशक्तिकरण में बेतालघाट ब्लाक द्वारा प्रधानमंत्री द्वारा पुरस्कृत करने पर खुशी व्यक्त करते हुए बधाई दी। सीडीओ ललित मोहन रयाल ने बताया कि शत प्रतिशत शौचालय बनाने वाली ग्रामसभाओं को भारत सरकार द्वारा ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यक्रम में प्राथमिकता दी जाएगी और मनरेगा के माध्यम से भी शौचालय निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों को धनराशि दी जाएगी। इस मौके पर स्वजल के परियोजना प्रबंधक स्वजल प्रदीप तिवारी, जगदीश कांडपाल, लक्ष्मी कुमारी, हेमंत तिवारी, सीएस त्रिपाठी आदि थे।