पहाड़पानी(नैनीताल)। लंबे समय से धारी क्षेत्र में किसानों की फसलों के लिए कोल्ड स्टोरेज खोलने की मांग जल्द पूरे होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से कोल्ड स्टोरेज खोलने की घोषणा के बाद धारी ब्लॉक के लेटीबूंगा में पांच नाली भूमि उद्यान विभाग को आवंटित कर दी गई है। भूमि आवंटित होने के साथ धारी क्षेत्र के 2000 से अधिक किसानों को कोल्ड स्टोरेज खुलने का लाभ मिलेगा।
भीमताल के विधायक और कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की मांग पर मुख्यमंत्री ने धारी क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज खोलने के साथ मंडी निर्माण की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के बाद उद्यान विभाग को पांच नाली भूमि आवंटित कर दी गई है। कोल्ड स्टोरेज बनने से लेटीबूंगा, गहना, पोखरी, पंगराडी, चौखुटा, गजार, सुंदरखाल, परबड़ा, सल्याकोट, बूढीबना, कोकिलबना और सुनकिया समेत आसपास के क्षेत्रों के 2000 से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। इस क्षेत्र में किसानों की ओर से सेब, आड़ू, प्लम, खुबानी, नाशपाती, आलू, गोभी और मटर की फसलों से लगभग 5000 मैट्रिक टन उत्पादन किया जाता है। स्टोरेज के बनने से किसान अपनी फसलों और फलों को सुरक्षित रख सकेंगे। इससे किसानों को बाजार में उचित दाम मिल सकेगा।
धारी क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज बनने से किसानों की फसलों और फलों को बेहद लाभ मिलेगा। साथ ही जल्द धारी और रामगढ़ में मंडी खोलने को लेकर भी विभागीय कार्रवाई चल रही है। क्षेत्र में मंडी खुलने से किसानों को फसलों का उचित दाम मिलेगा। -राम सिंह कैड़ा, कैबिनेट मंत्री
धारी के लेटीबूंगा में कोल्ड स्टोरेज खोलने के लिए पांच नाली भूमि आवंटित हो गई है। कोल्ड स्टोरेज खुलने से 2000 से अधिक किसानों की फसलों और फलों को लाभ मिलेगा। साथ ही बरसात और बर्फबारी के मौसम में फसलें कोल्ड स्टोरेज में रखने से खराब नहीं होंगी। -प्रेमा राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी, नैनीताल