मुख्यमंत्री की बेटी की शादी में भारी भीड़ के मद्देनजर काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी कर दिया है। शादी के दिन 29 अप्रैल को पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले सभी बड़े वाहन रोडवेज, केमू बस, टूरिस्ट वाहन (शादी में शामिल होने वाले वाहन और टैक्सी को छोड़कर) नरीमन तिराहा काठगोदाम से गौला बाईपास होते हुए इंद्रानगर क्रासिंग एवं तीनपानी से हल्द्वानी में प्रवेश करेंगे। विवाह में शामिल होने वाले वाहन डिग्री कालेज तिराहे से प्रवेश करेंगे।
एसएसपी सेंथिल अबुदई के मुताबिक हल्द्वानी से पहाड़ की तरफ जाने वाली रोडवेज और केमू की बसें रोडवेज स्टेशन के पूर्वी गेट से निकलकर भारद्वाज तिराहे से पहाड़ की तरफ निकलेंगी। मैदानी क्षेत्र में जाने वाली बसें पहले की तरह रोडवेज से तिकोनिया के मुख्य मार्ग से निकलेंगी। रामपुर रोड, तीनपानी बरेली रोड से पहाड़ को जाने वाले सभी बड़े वाहन मंडी बाईपास देवलचौड़ से तीनपानी बरेली रोड होते हुए गौला बाईपास वाया काठगोदाम पहाड़ की तरफ निकलेंगे। बरेली रोड से पहाड़ को जाने वाले सभी टूरिस्ट वाहन और अन्य छोटे वाहन तीनपानी बैरियर से गौलापार बाईपास होते हुए काठगोदाम से निकलेंगे।
रामपुर रोड एवं कालाढूंगी रोड से आने वाले टूरिस्ट वाहन और छोटे वाहन आईटीआई तिराहा से मुखानी नहर कवरिंग रोड वाया दोनहरिया पनचक्की तिराहा होते हुए कालटैक्स काठगोदाम होते हुए निकलेंगे। डिग्री कालेज तिराहा भोटिया पड़ाव नैनीताल रोड से वैवाहिक कार्यक्रम में जाने वाले वाहन प्रवेश करेंगे, जिन वाहन स्वामियों को नैनीताल और पहाड़ की ओर से आना है वे डिग्री कालेज तिराहे से कुल्यालपुरा तिराहा, दो नहरिया होते हुए वाया कैनाल रोड निकलेंगे। कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन पीलीकोठी से धानमिल होते हुए आईटीआई तिराहा होते हुए तीनपानी बरेली रोड से पहाड़ की तरफ निकलेंगे। हल्द्वानी के स्थानीय निवासी पहले की तरह नियमित मार्ग से जाएंगे। वाहन पार्किंग में ही खड़े किए जाएंगे। 28 और 29 अप्रैल को ट्रैफिक प्लान लागू होगा।