फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम धामी ने ली समीक्षा बैठक: अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा- आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तय होगी जिम्मेदारी

Sat, 20 Sep 2025 10:40 AM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी

सार

सीएम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए काठगोदाम में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार के सहयोग और राज्य के संसाधनों का उपयोग करके पुनर्निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जाएं।
विज्ञापन
सीएम धामी ने ली समीक्षा बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनर्निर्माण और राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार से प्राप्त सहयोग और राज्य के संसाधनों का उपयोग कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनर्निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसमें जिम्मेदारी तय होगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शुक्रवार शाम हुई बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने कुमाऊं और डीएम वंदना ने जिले में आपदा से हुई क्षति की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि नैनीताल की लोअर मॉल रोड धंसने, बागेश्वर में पुलों की क्षति, रानीबाग पावर हाउस की समस्या, ओखलकांडा और धारी ब्लॉक मार्गों के अवरोध और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन जैसी गंभीर चुनौतियां सामने आई हैं। जिले के संवेदनशील स्थानों, सड़क मार्गो, गांवों, नदी नाले आदि के बारे में भी सीएम को अवगत कराया गया। साथ ही शासन को भेजे गए प्रस्तावों की स्वीकृति का अनुरोध भी किया गया।

बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी डॉ. अनिल डब्बू, दीपक महरा, शंकर कोरंगा आदि थे।

डिसिल्टिंग के लिए बने ठोस योजना

विज्ञापन

बैठक में सीएम धामी ने सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता को जलाशयों में डिसिल्टिंग कार्य के लिए ठोस योजना बनाने और कार्ययोजना प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने सुशीला तिवारी अस्पताल के उपनल कर्मियों के लंबित वेतन के मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिए।

443 करोड़ के क्षति का आकलन
डीएम वंदना ने बताया कि नैनीताल में आपदा से 443 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। रिपोर्ट भारत सरकार की आपदा विश्लेषण टीम को भेजी गई है। उन्होंने जिले में मानसून काल में हुए नुकसान की जानकारी, राहत बचाव एवं आपदा न्यूनीकरण कार्यों की जानकारी प्रस्तुतिकरण के जरिए दिया। चुकम, खूपी गांव सहित विभिन्न सड़क मार्ग, जहां खतरा है उसे बताया। विस्थापन एवं सड़कों के ट्रीटमेंट की भी जानकारी दी। लालकुआं, बिंदुखत्ता, गौला, नंधौर नदी, कोसी नदी से हुए नुकसान के विषय में भी बताया।

मानसून में सतर्क रहे स्वास्थ्य महकमा

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने जलभराव के कारण जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को तत्परता से कार्य करने के लिए कहा। सभी चिकित्सा केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा सुविधा हो और व्यापक तैयारी की जाए। जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर लगाएं। जन समस्याओं के समाधान के लिए जन निवारण शिविर और बहुउद्देशीय शिविर लगाने और क्षेत्र पंचायतों की बैठकों में अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए।

नैनीताल मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य की खराब गुणवत्ता पर नपेंगे अधिकारी और ठेकेदार
मानसून में आपदा से हुए नुकसान के आकलन की शुक्रवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में विभागों की लापरवाही पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अफसरों पर जमकर बरसे। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग के निर्माण में हॉट मिक्स कार्य की खराब गुणवत्ता पर एनएच के अधिकारियों को चेतावनी दी। कहा कि यह गंभीर मामला है। ठेकेदार को भी कार्रवाई के दायरे में लाएंगे और जिम्मेदार अफसर बख्शे नहीं जाएंगे।

आपदा की इस चुनौतीपूर्ण घड़ी में राज्य सरकार जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर स्तर पर समन्वित प्रयासों से पुनर्निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाए जाएंगे और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत दी जाएगी। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें