रामनगर। विधानसभा 2017 के चुनाव को लेकर उत्तराखंड पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को हरिद्वार में सीएम हरीश रावत से भेंट की। कार्यकर्ताओं ने सीएम से रामनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का आग्रह किया। हालांकि सीएम ने अभी चुनाव लड़ने की किसी भी विधानसभा से स्पष्ट तौर से घोषणा नहीं की है।
रविवार को हरिद्वार पहुंचे सीएम से पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी के नेतृत्व में 100 से अधिक मिले लोगों ने सीएम से रामनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री रावत के नेतृत्व में प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से नहीं छूटा है। साथ ही सीएम से मिले लोगों ने रामनगर में कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
हालांकि सीएम हरीश रावत ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया है। अब आने वाले दिनों में ही खुलासा होगा कि सीएम किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा करते हैं। सीएम से मिलने वालों में खताड़ी बड़ी मस्जिद के ईमाम कारी महबूब आलम, मौलाना हनीफ, मुस्लिम छीपी बिरादरी के सदर हाजी हकीम, बीडीसी दीवान कटारिया, सरदार इकबाल सिंह, माजिद अली, सोहराब सैफी, मनप्रीत सिंह, आनंद, मुल्ला गुफरान, तसलीम अहमद, भूप्पी सैनी, गुरुसेवक, दौलत कटारिया, सज्जन प्रधान के अलावा नगर एवं कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मौजूद थे।