बारिश के कारण गौला में आ रही सिल्ट ने जल संस्थान के फिल्टर प्लांट की आपूर्ति बाधित कर दी, जिस कारण बुधवार को जल संस्थान को तीन घंटे तक आपूर्ति नहीं हुई। रविवार, सोमवार को हुई बारिश के कारण गौला का जलस्तर 13,700 क्यूसेक तक पहुंच गया था। मंगलवार सुबह फिल्टर प्लांट को बैराज से आपूर्ति न होने के कारण शहर वालों को सुबह पानी नहीं मिला।
बुधवार को गौला में सिल्ट आने के कारण बैराज के चैनल खोल दिए गए, जिस कारण फिल्टर प्लांट को पानी नहीं मिला। जल संस्थान के सहायक अभियंता आरपी डोबवाल ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक आपूर्ति ठप रही। पाइप लाइन चार्ज होने में लगभग तीन घंटे का समय लगा और शाम को सुचारु आपूर्ति की गई। वहीं, तेजपुर नेगी और लालकुआं के नलकूप की मोटर फुंकने से हजारों परिवारों के आगे पेयजल संकट खड़ा हो गया है। दोनों क्षेत्रों में होली के दिन भी पानी की किल्लत होगी। डोबवाल ने बताया कि नलकूप ठीक होने में दस दिन का समय लगेगा।