नैनीताल माउंटेन बाइकिंग के तत्वावधान में बाइक सवारों के दल ने शनिवार को नगर में स्थित टांकी से चायना पीक तक साइकिल यात्रा की। इस यात्रा का उद्देश्य सैलानियों और युवाओं को साइकिल और प्रकृति के प्रति और अधिक जागरूक करना था।
दल में शामिल युवाओं ने कहा कि साइकिल के माध्यम से पर्यावरण में प्रदूषण को कम किया जा सकता है साथ ही साइकिल चलाने से शरीर भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को साइकिलिंग के प्रति जागरूक करने के लिए सरकार को नए ट्रैकिंग रूट विकसित करने चाहिए ताकि अधिक से अधिक युवा साइकिलिंग से जुड़ सकें।
उन्होंनेे बताया कि उन्होंने इससे पहले अल्मोड़ा, शीतलाखेत, कौसानी, जागेश्वर, कार्बेट पार्क आदि में माउंटेन बाइकिंग की है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक ऊंचाई वाली पहाड़ियों तक साइकिल ले जाकर वह युवाओं को साइकिलिंग के प्रति जागरूक करना चाहते हैं। दल में अल्मोड़ा निवासी भरत साह, अनुज साह, गोकुल शाही, हरीश गोस्वामी, भीमताल निवासी उत्तम सिंह सूर्या, हल्द्वानी निवासी विकास किरौला, निर्णय बिष्ट, मुक्तेश्वर निवासी विक्रम बिष्ट आदि शामिल थे।