हल्द्वानी बेस अस्पताल में, काशीपुर में सड़क दुर्घटना में मरे केमिकल इंजीनियर तुषार पांडे का बिल?
हल्द्वानी। काशीपुर की एक पेपर मिल में कार्यरत हल्द्वानी निवासी केमिकल इंजीनियर तुषार पांडे की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार की रात काशीपुर में अपने कमरे की ओर पैदल जाते समय बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
मल्ली बमौरी सुरभि कालोनी निवासी 24 वर्षीय तुषार पांडे (24) पुत्र ललित कुमार पांडे काशीपुर में एक पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर थे। मंगलवार की रात हादसा हो गया। सिर पर चोट लगने से वह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया मगर हालत गंभीर होने पर उन्हें बेस अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया था। तुषार के बड़े भाई हिमांशु पांडे नोएडा स्थित विप्रो कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर है। उन्होंने बताया कि तुषार ने द्वाराहाट से बीटेक करने के बाद काशीपुर में नौकरी शुरू की थी। उन्होंने काशीपुर में कमरा लिया था। वहां छात्रों को ट्यूशन भी पढ़ाते थे। सोमवार की सुबह चार बजे ड्यूटी के लिए हल्द्वानी से निकले थे।
रोज मां को फोन करते थे
हिमांशु पांडे ने बताया कि प्रतिदिन तुषार शाम सात बजे मां को कॉल करते थे। मंगलवार को कॉल नहीं आने पर मां बीना पांडे परेशान हो गई। उन्होंने नौ बजे बेटे के मोबाइल पर कॉल की तो पता चला कि वह सड़क हादसे में घायल हो गया है।
अकेला हो गया हूं, अब कैसे जिऊं
हिमांशु पांडे ने बताया कि छोटा भाई परिवार के सभी सदस्यों की देख रेख करता था। उसके पिता अधिवक्ता हैं। छोटे भाई की मौत से वह अकेला हो गया है। रोते हुए हिमांशु ने कहा कि अब कैसे जिऊंगा। हिमांशु ने बताया कि उसकी शादी तय होने वाली थी लेकिन छोटे भाई की मौत के चलते सब कुछ बर्बाद हो गया।