नैनीताल। नैनीताल में घर खरीदने को लेकर दिल्ली निवासी व्यक्ति के साथ 10 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार मालवीय नगर नई दिल्ली निवासी केशर मेहरा ने बीते वर्ष नगर के एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से नगर के सूखाताल क्षेत्र हांडी बांडी में एक आवासीय घर खरीदने का मन बनाया। मकान स्वामी के साथ घर खरीदने को लेकर 30 लाख में सौदा तय हो गया। दिल्ली निवासी व्यक्ति ने मकान स्वामी को एडवांस के तौर पर 10 लाख रुपये दे दिए। दोनों पक्षों के बीच घर की रजिस्ट्री कराने को लेकर 30 नवंबर 2020 की तारीख निर्धारित हो गई।
आरोप है कि दिल्ली निवासी व्यक्ति निर्धारित तारीख को जब नैनीताल पहुंचा तो घर के स्वामी ने जरूरी काम बताकर तारीख आगे बढ़ा दी। इसके बाद एक दिसंबर को रजिस्ट्रार कार्यालय बुलाया गया तो फिर से नैनीताल निवासी भवन स्वामी रजिस्ट्री के लिए नहीं पहुंचा। इस पर उन्होंने संबंधित घर के दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला कि घर किसी और व्यक्ति को बचा जा चुका है। दिल्ली निवासी केशर मेहरा उक्त व्यक्ति से अपने पैसे वापस लेने गए तो उनके साथ अभद्रता की गई। कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद