नैनीताल। बोट हाउस क्लब की नौ सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए शनिवार देर शाम मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। रविवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। कुल 3405 मतदाताओं में से 424 मतदाताओं ने वोट डाले।
बोट हाउस क्लब के प्रशासनिक अधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि नौ सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए अखिल कुमार साह, अरुण कुमार शर्मा, देवेंद्र कुमार शर्मा, जेएस सरना (शामी), जोगेंद्र कुमार शर्मा, नासिम ए खान, पंकज जायसवाल, राजेंद्र कुमार कर्नाटक, रेखा सिब्बल (मोना), विजय कुमार शाह ने नामांकन कराया था।
जोशी ने बताया कि चुनाव अधिकारी सैयद नदीम खान और सहायक चुनाव अधिकारी ललित शर्मा की देखरेख में दोपहर एक बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू की गई, जो रात आठ बजे तक जारी रही। उन्होंने बताया कि कुल 3405 सदस्यों में से 424 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि रविवार को मतगतना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्वाचित नौ सदस्यीय कार्यकारिणी रविवार को सचिव और उपाध्यक्ष के एक-एक और उपसचिव के दो पदों के लिए दावेदारों का चयन करेगी।
जरूरत पड़ने पर इन पदों के लिए भी चुनाव कराया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी का कहना है कि कोरोना और किसान आंदोलन के कारण देश के विभिन्न राज्यों के अधिकांश सदस्य मतदान के लिए नैनीताल नहीं पहुंच सके। बता दें कि पिछले साल कार्यकारिणी के नौ पदों के लिए नौ ही दावेदार थे, लिहाजा सभी निर्विरोध चुन लिए गए।
क्लब की व्यवस्थाओं में सुधार संबंधी प्रस्ताव पारित
नैनीताल। बोट हाउस क्लब की कार्यकारिणी के लिए मतदान से पहले क्लब की साधारण वार्षिक सभा (एजीएम) हुई। वरिष्ठ सदस्य नसीम ए खान की अध्यक्षता में हुई एजीएम में क्लब के महासचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा ने वर्ष 2019-20 की बैलेंस सीट पेश की, जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। इसके अलावा बैठक में क्लब की व्यवस्थाओं में और सुधार करने, यहां आने वाले सैलानियों को बेहतर सुविधाएं देने और नैनीझील में याट संचालन से संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में नसीम ए खान, जीके शर्मा, आरके कर्नाटक, विजय चंद्र साह, पंकज जायसवाल, वीर श्रीवास्तव, प्रो.एके शर्मा, जेके शर्मा, जेएस सरना, विजय साह समेत कई सदस्य मौजूद रहे।