बच्चे का इलाज कराने सीएचसी पहुंचे एक पर्यटक और उसके साथी ने चिकित्सा अधीक्षक समेत ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर के साथ अभद्रता कर डाक्टर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में डाक्टर तो किसी तरह बच गए, लेकिन बीच बचाव करने पहुंचा दवा विक्रेता घायल हो गया। स्थानीय युवकों ने डंडे से मारपीट कर रहे युवक की जमकर धुनाई लगा दी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में सैलानियों द्वारा चिकित्सा अधीक्षक, डाक्टरों और दवा विक्रेता से माफी मांगने पर उन्हें छोड़ दिया गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक सीएचसी में ओपीडी सेवा प्रभावित हुई।
ग्रेटर नोएडा निवासी कुछ पर्यटक परिवारों के साथ यहां पर्यटक आवास गृह में रुके हुए थे। रविवार को इन्हीं सैलानियों में शामिल सुदीप शर्मा के बेटे प्रवण (3) की तबियत खराब हुई तो वह उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। चिकित्सा अधीक्षक डा. सुधीर सिंह कन्याल ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर दोबारा लाए जाने पर डा. कन्याल ने बच्चे को भर्ती कर लिया।
चिकित्सा अधीक्षक डा. कन्याल ने बताया कि सुदीप रात में बगैर किसी को सूचित किए प्रवण को अस्पताल से ले गया और सोमवार सुबह करीब आठ बजे अस्पताल परिसर में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात डा. अमित मेहरा के साथ अभद्रता करने लगा। डा. मेहरा इसकी सूचना देने डा. कन्याल के पास गए। तब तक सुदीप और उसके साथ मौजूद सोनू कुमार भी वहां पहुंच गए और अभद्रता कर गालीगलौज करने लगे। इसी बीच सोनू कुमार ने पास में पड़े डंडे से डाक्टरों पर हमला कर दिया, लेकिन डंडा डाक्टरों पर लगने के बजाए बीच बचाव कर रहे दवा विक्रेता अजय सिंह नेगी के पैर में जा लगा।
सैलानियों द्वारा की गई मारपीट से गुस्साए स्थानीय युवकों ने मौके पर पहुंचकर सोनू सिंह की जमकर धुनाई कर दी। बाद में वह किसी तरह वहां से भाग निकला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस सुदीप और सोनू सिंह को थाने ले गई। डाक्टरों के साथ हुई मारपीट की सूचना पर चेयरमैन राजेश नेगी भी अस्पताल पहुंचे। बाद में चेयरमैन नेगी समेत चिकित्सा अधीक्षक डा. कन्याल, डा. अमित मेहरा, डा. दीपक सिपाल और डा. पवन कुमार दिवेदी, दवा विक्रेता अजय नेगी समेत दर्जन भर से अधिक लोगों ने थाने में तहरीर देकर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इधर, मामला बढ़ता देख आरोपी युवक चिकित्सा अधीक्षक डा. कन्याल और अन्य लोगों से माफी मांगने लगे। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे सोनू सिंह, सुदीप शर्मा, मोहित शर्मा और गगन कुमार अग्रवाल ने वापस सीएचसी पहुंचकर डा. कन्याल, डा. मेहरा और दवा विक्रेता अजय नेगी से माफी मांगी। मारपीट के आरोपियों द्वारा माफी मांगने के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया।