रामनगर। सांवल्दे में परिवहन विभाग के एआरटीओ के नए कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसके परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में एआरटीओ को ओर से उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा रहा है।
रामनगर के ग्राम सांवल्दे के पास लगभग सात करोड़ की लागत से एआरटीओ कार्यालय के लिए नए भवन का निर्माण 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। इसमें ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक, कार्यालय, फिटनेस सेंटर समेत कई सुविधाएं होंगी। वहीं अब एआरटीओ ने इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यालय परिसर में वाहनों का चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। कार्यालय में लाइसेंस, फिटनेस समेत अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोग अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज कर सकेंगे। यहां चार्जिंग स्टेशन बनने का फायदा पर्यटकों को भी होगा। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट पार्क होने के चलते हर साल यहां लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर आते हैं।
-
रामनगर में 100 से अधिक पंजीकृत हैं इलेक्ट्रिक वाहन
रामनगर। रामनगर के एआरटीओ कार्यालय में ई-रिक्शा को छोड़कर लगभग 100 से अधिक व्यक्तिगत इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इन वाहनों में कार व दो पहिया वाहन शामिल हैं। एआरटीओ कार्यालय में चार्जिंग स्टेशन लगने के बाद वाहन स्वामियों को वाहन चार्ज करने में पांच से छह घंटे का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वाहन स्वामी 30 मिनट में वाहन को फुल चार्ज कर अपने गंतव्य को लौट सकेगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए नए भवन में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। चार्जिंग स्टेशन लगने से स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले लोगों को भी इसका फायदा मिल सकेगा।
- सुरेंद्र सिंह कपकोटी, एआरटीओ प्रशासन, रामनगर