रामनगर (नैनीताल)। नगर को कोसी नदी की बाढ़ से बचाने के लिए नदी का रुख बदलना जरूरी है। इसके लिए रविवार से क्यूनेट बनाने का कार्य शुरू किया गया है। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने आपदा प्रबंधन के लिए तीन लाख रुपये की मंजूरी दी है जबकि पुराने पिचिंग, जाल, सीसी ब्लॉक की मरम्मत के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये मिलने की उम्मीद है।
नगर के उत्तरी छोर पर स्थित पंपापुरी, भरतपुरी, कौशल्यपुरी कॉलोनियों को कोसी की बाढ़ से खतरा है। यहां के लिए स्वीकृत तटबंध, बाइपास योजना के लिए वन भूमि हस्तांतरण नहीं हो सका है। ऐसे में लोक कल्याण समिति ने विधायक दीवान सिंह बिष्ट से हस्तक्षेप की गुहार लगाई थी।
विधायक बिष्ट के निर्देश पर डीएम द्वारा कोसी नदी में आपदा मद से क्यूनेट बनवाने का कार्य रविवार से शुरू करवा दिया है। सिंचाई विभाग द्वारा जेसीबी लगाकर नदी के रुख को आबादी से हटाने के प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि बाढ़ का खतरा कम हो सके। विधायक ने बाढ़ सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग से आगणन भी मांगा है।