हल्द्वानी। पश्चिमी विक्षोभ के बाद भी मौसम ने राहत नहीं दी और गर्मी का एहसास हुआ। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में नैनीताल, पिथौरागढ़, देहरादून, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
सोमवार को दिन में कुछ देर के लिए बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। दोपहर में सूर्यदेव ने गर्मी का एहसास कराया। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 14.0 और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।