तमाम हिदायतों और सख्त निर्देशों के बावजूद जिला समाज कल्याण अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव करने को तैयार नहीं हैं। पेंशन वितरण में फिसड्डी चमोली के जिला समाज कल्याण अधिकारी को समाज कल्याण निदेशक ने रडार पर लिया। 20 अक्टूबर तक पेंशन वितरित न करने पर निदेशालय से संबंद्ध करने की चेतावनी दी।
समाज कल्याण निदेशक विष्णु सिंह धानिक ने निदेशालय में पेंशन योजनाओं की समीक्षा की। चमोली में किसान पेंशन की प्रथम किश्त का भुगतान 15 अक्तूबर तक करने के निर्देश दिए हैं। अन्य पेंशन वितरित कर 21 अक्तूबर को वितरण का प्रमाण पत्र देने को कहा है।
किसान पेंशन योजना में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चमोली को उपलब्ध बजट के आधार पर वितरित करने के निर्देश दिए हैं। पेंशनरों की आधार सीडिंग में हरिद्वार, चमोली, पिथौरागढ़ और देहरादून की प्रगति पर धानिक ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लताड़ लगाई और आधार सीडिंग शीघ्र पूरा करने के लिए चेतावनी दी।
पेंशन के लिए आधार नंबर की अनिवार्यता बढ़ाकर 31 दिसंबर 2016 कर दी गई। कहा कि 31 दिसंबर 2016 के बाद आधार कार्ड नहीं देने वाले लाभार्थी को पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा। निरामया स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रत्येक जिले में 350 दिव्यांगों को पंजीकृत करने का लक्ष्य तीन माह पूर्व दिया गया था।
किसी भी जिले में दिव्यांगों का पंजीकरण नहीं किया गया। छात्रवृत्ति वितरण में साफ्टवेयर में आने वाली समस्या भी बैठक में प्रमुखता से उठी। धानिक ने निर्देश दिए कि साफ्टवेयर की समस्या के संबंध में नोडल अधिकारी जीआर नौटियाल को बताकर कमियां दूर कराई जाएं।
उन्होंने सिपडा योजना के तहत दिव्यांगों के लिए बाधा रहित वातावरण बनाने के संबंध में जिले से प्रस्ताव न आने पर नाराजगी जताई और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा। इस दौरान केआर जोशी, वंदना सिंह आदि थे।