भवाली (नैनीताल)। एक तरफ जहां आम लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर सजा दी जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ इस कड़ी में अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जा रहा है। भवाली नगर पालिका अध्यक्ष संजय वर्मा और भीमताल नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया पर लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार को दोनों ने घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर में हवन और पूजा की थी। दोनों पर आईपीसी की धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि दोनों ने कोरोना वायरस से निजात पाने के लिए गोल्ज्यू मंदिर में हवन कराने के साथ भैरव मंदिर में पूजा की थी।
संजय वर्मा और देवेंद्र सिंह चनौतिया का कहना है कि वे सोमवार को गोल्ज्यू मंदिर में लोगों को सैनिटाइजर और राशन बांटने गए थे। वहां उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रार्थना की थी। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी कोतवाल आशुतोष कुमार ने दी है।