हल्द्वानी। अंजुमन मोमिन अंसार सोसायटी के लेटर हेड के आधार पर बीते पांच साल में जारी हुए सभी तरह के प्रमाण पत्र निरस्त होंगे। प्रशासन ने ऐसे सभी आवेदनों की जांच शुरू कर दी है।
फर्जी प्रमाणपत्र के मामलों की जांच के दौरान शुक्रवार को टीम को पता चला था कि 19 साल पहले खत्म हो चुकी सोसायटी अंजुमन मोमिन अंसार के नाम से अब भी प्रमाण पत्र बनाने की संस्तुति की जा रही है। यह सब साहूकारा लाइन का एक दुकानदार कर रहा है। जांच टीम ने दुकानदार रईस अहमद अंसारी से भी पूछताछ की थी। बाद में एसडीएम ने तहसीलदार को अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। एसडीएम शाह ने बताया कि सोसायटी के नाम पर पिछले कई वर्षों से लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने की संस्तुति करने वाले पत्र उपलब्ध कराए जा रहे थे जो कि पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच साल में सोसायटी के लेटर हेड पर कितने लोगों को पत्र जारी किए गए। इनके माध्यम से कितने लोगों ने अपने अलग-अलग प्रमाण पत्र बनवाए, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। यह सभी प्रमाण पत्र निरस्त किए जाएंगे।-माई सिटी रिपोर्टर