नैनीताल के बोट हाऊस क्लब के समीप लगा सीसी कैमरा।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। नैनीझील को प्रदूषित करने वालों के साथ ही सरोवर नगरी में नियम विरुद्ध क्रियाकलापों को अंजाम देने वालों की अब खैर नहीं। क्योंकि सरोवर नगरी का चप्पा-चप्पा अब नाइट विजन मोड वाले सीसी कैमरों की जद में है। बृहस्पतिवार से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित 13 सीसी कैमरों ने काम करना शुरू कर दिया है। इनमें चार कैमरे ऐसे भी हैं, जो 360 डिग्री पर घूमकर फुटेज लेते रहेंगे। आपदा विभाग के कंट्रोल रूम से अलावा कोतवाली पुलिस चौबीस घंटे कैमरों से शहर पर नजर रखेगी।
डीएम सविन बंसल ने नैनीझील के इर्द-गिर्द सीसी कैमरे लगाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे। आपदा प्रबंधन विभाग के अवर अभियंता योगेश पाठक ने बताया कि शहर में लगाए गए कैमरों मेें चार कैमरे पैन टिल्ट जूम (पीटीजेड) यानी 360 डिग्री पर घूमने वाले हैं, जबकि नौ कैमरे फिक्स रहेंगे। सभी कैमरे रात में भी साफ तस्वीर ले सकते हैं। इन कैमरों की मदद से क्षेत्र के क्रियाकलापों को कंट्रोल रूम में देखा जा सकता है। कैमरों की फुटेज पर नजर रखने के लिए आपदा कंट्रोल रूम एवं कोतवाली मल्लीताल में बड़ी स्क्रीनें लगाई गई हैं। पीटीजेड कैमरे तल्लीताल से चीना पीक तक के क्रियाकलापों की साफ तस्वीर दे रहे हैं।
इन स्थानाें पर लगाए गए हैं कैमरे
पीडीजेड कैमरे तल्लीताल में गांधी प्रतिमा के पास, मल्लीताल गुरुद्वारा परिसर, बीडी पांडे अस्पताल के पास और चीना बाबा मंदिर के पास लगाए गए हैं, जबकि नौ फिक्स कैमरे बोट हाउस क्लब मल्लीताल, तल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पीछे नाला नंबर एक, सात नंबर से आने वाले नाला नंबर 20, बीडी पांडे अस्पताल के पास, चीना बाबा के पास स्थित नाला नंबर 23 में लगाए गए हैं।