रेलवे स्टेशन हल्द्वानी की पार्किंग से सवारी भरने के एवज में टैक्सी चालक से दो हजार की रिश्वत लेते आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर दिनेश मीणा को सीबीआई देहरादून की टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया। सीबीआई ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसके बैंक खातों और संपत्ति की भी जांच शुरू कर दी है। देर शाम तक दस्तावेज की जांच के बाद टीम उसे गिरफ्तार कर ले गई।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन परिसर में बनी पार्किंग से टैक्सी चालक सवारियां भी बैठाते हैं। कुछ दिन पहले आजाद नगर बनभूलपुरा निवासी टैक्सी चालक मो. इरशाद ने पुलिस अधीक्षक सीबीआई से रेलवे पुलिस फोर्स के दरोगा की शिकायत की थी। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपनी टैक्सी में हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से सवारी भरता है मगर रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ दरोगा दिनेश मीणा पार्किंग से सवारी भरने के एवज में 4000 रुपये महीना रिश्वत मांग रहे हैं।
15 जनवरी को दिनेश मीणा ने फोन कर उसे रिश्वत के रुपये देने के लिए अपने ऑफिस भी बुलाया जिस पर उसने रकम अधिक होने की बात कही और इसे कम करने का निवेदन किया। इसके बाद शाम 3 बजे शिकायतकर्ता आरोपी के कार्यालय में पहुंचा, जहां उससे 3000 रुपये मांगे गए, लेकिन मजबूरी बताने पर 2000 रुपये पर बात बन गई जिसे शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड कर लिया।
एसपी सीबीआई एसके राठी के निर्देश पर टीम ने बुधवार को आरोपी को दो हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और पांच घंटे तक पूछताछ की।