कालाढूंगी (नैनीताल)। आबादी के पास जंगल में मवेशियों को चरा रहे दो युवकों पर बाघिन ने हमला कर घायल कर दिया। दोनों को ग्रामीणों ने सीएचसी कोटाबाग में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। इधर, शाम को वन विभाग की टीम घटना स्थल पर कैमरा ट्रैप लगाने पहुंची। इस बार फिर बाघिन ने झाड़ियों से निकलकर हमले की कोशिश की, जिस पर टीम वापस लौट आई।
रामनगर वन प्रभाग की देचौरी रेंज की ग्राम सभा सोनजाला निवासी सुदर्शन कपकोटी (27) और पूरन तड़ियाल (28) रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव से लगी दाबका बीट में अपने मवेशियों को घास चरा रहे थे। अचानक झाड़ियों में छुपी बाघिन ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सुदर्शन कपकोटी की बांह जबकि पूरन तड़ियाल की पसलियों में चोट आई।
हो-हल्ला होने पर बाघिन जंगल में भाग गई। दोनों घायलों को ग्रामीणों ने सीएचसी कोटाबाग में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद देर रात दोनों को छुट्टी दे दी गई। रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पूरे क्षेत्र में वन कर्मियों से गश्त कराई जा रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से भी जंगल में जाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। इधर, शाम को डीएफओ नेहा वर्मा टीम के साथ घटना स्थल पर कैमरा ट्रैप लगाने के लिए पहुंची। यहां एक बार फिर बाघिन ने उसी जगह से निकलकर उन लोगों पर भी हमले की कोशिश की। इसके बाद टीम बिना कैमरा ट्रैप लगाए ही लौट आई।