हल्द्वानी। बीआरटी (ब्लॉक रिस्पांस टीम) और सीआरटी (सिटी रिस्पांस टीम) ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। होम क्वारंटीन कराए गए लोगों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग ने इनको सौंपी है। क्वारंटीन या होम क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि डीएम सविन बंसल के आदेश पर बीआरटी और सीआरटी टीमों का गठन कर दिया हैं। पटवारी टीम के सुपरवाइजर होंगे। टीमों को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से होम क्वारंटीन कराए लोगों की लिस्ट उपलब्ध कराई है। टीम घर-घर जाकर होम क्वारंटीन वालों का विवरण लेगी।
निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी। ऐसे लोगों को पुलिस प्रशासन की निगरानी में क्वारंटीन कराया जाएगा। कहा कि कोरोना वायरस का प्रकोप जहां ज्यादा है और लोग अगर ऐसी जगहों से लौटे हैं तो उसका विवरण उपलब्ध करा दें। किसी ने विवरण छुपाया और बाद में पता चला तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सूचना संकलन के लिए तीन को नोडल अधिकारी बनाया
सीडीओ ने बीआरटी और सीआरटी से सूचनाओं के संकलन के लिए जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, अनुलेखा बिष्ट और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ललित मोहन जोशी को नोडल अधिकरी बनाया है। इनके साथ भूपेंद्र सिंह राणा, एचएस गोसाई, ललित उप्रेती, कैलाश चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पांडे, विनोद कुमार लोहनी को भी संबद्ध किया है।