रामनगर (नैनीताल)। महिला ग्राम प्रधान से अभद्रता करने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा परिवार को क्वांरटीन करने का विरोध करने कोतवाली पहुंचे छह लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
जस्सागांजा की ग्राम प्रधान निधि मेहरा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह दिल्ली से आए परिवार को गांव के पंचायत भवन में क्वारंटीन करने गई थीं। उनके साथ आशा वर्कर और ग्राम विकास अधिकारी भी थे। गांव के ही गौतम चड्ढा व कुबेर राम ने ग्रामीणों को बहकाकर उनका विरोध किया और आशा वर्कर, ग्राम विकास अधिकारी और उनसे अभद्रता की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 188, 269, 270, 504 में मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरी ओर शनिवार को परिवार को क्वांरटीन करने का विरोध करने कोतवाली पहुंची दीपा देवी, चना देवी, विमला देवी, दीपा, माया, गोविंद सिंह निवासीगण जस्सागांजा के खिलाफ धारा 144, 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल ने ग्रामीणों फटकार लगाई और नियमों की जानकारी दी कि किसी को भी क्वारंटीन करने से नहीं रोक सकते।
होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज
रामनगर (नैनीताल)। कोतवाली के एसआई प्रकाश मेहरा ने बताया कि मोहल्ला खताड़ी निवासी अब्दुल कासिम जो कि होम क्वारंटीन के दौरान घर के बाहर घूमता हुआ मिला, उसके खिलाफ धारा 188,269,270 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इधर, कोतवाली के एसआई मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह ग्राम मंगलार के पास दो लोग पुलिस को देख बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस को बाइक के पास बैग में 187 पाउच शराब बरामद हुई। पुलिस ने बाइक सीज कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।