नैनीताल। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में तल्लीताल पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर पर पुलिस ने स्कूल प्रधानाचार्य, सिस्टर और वॉर्डन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लखनऊ यूपी निवासी महिला ने मंगलवार को तल्लीताल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने कहा कि उनकी 14 वर्षीय बेटी ज्योलीकोट के सेंट एंथोनी स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है। वह स्कूल की बोर्डिंग छात्रा है। महिला ने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्या, सिस्टर एवं महिला वार्डन उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इस बीच छात्रा ने आत्महत्या करने की भी कोशिश की है। इस पर तल्लीताल थाना पुलिस ने प्रधानाचार्या, सिस्टर एवं महिला वार्डन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।