सुशीला तिवारी अस्पताल की सुविधाएं बढ़ाने पर शासन विचार कर रहा है। अपर सचिव चिकित्सा शिक्षा पंकज पांडे ने प्राचार्य को एयर एंबुलेंस संचालित करने के लिए जगह देने के साथ ही प्रस्ताव भेजने को कहा। एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाने के लिए भी क्लीनिकल, नान क्लीनिकल के साथ ही फैकल्टी बढ़ाई जाएगी।
अपर सचिव पांडे ने बृहस्पतिवार को मेडिकल कालेज में प्राचार्य डा. सीएमएस रावत से अन्य लोगों के साथ बैठक की। पांडे ने कहा कि वन विभाग के पेच के कारण जो भी प्रस्ताव लटके हुए हैं उन्हें निस्तारित कराने के लिए फिर से प्रक्रिया शुरू करें।
एसटीएच में कार्यरत सीनियर रेजीडेंट का वेतनमान बढ़ाने पर भी विचार विमर्श हुआ। पांडे ने कैंपस को वाई फाई से जोड़ने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। पांडे ने कहा कि कैंपस के वाई फाई होने से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी। उन्होंने नर्सिंग कालेज में फैकल्टी में स्टाफ नियुक्ति भी शीघ्र करने के निर्देश दिए।
कहा कि एमबीबीएस की अभी सौ सीटें हैं इनको बढ़ाकर डेढ़ सौ कराने के लिए क्लीनिकल, नान क्लीनिकल के साथ ही फैकल्टी बढ़ानी होगी। सुविधाएं ठीक करने के बाद ही मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया 50 सीटें बढ़ाने की सहमति देगा।
मंगलवार को सुशीला तिवारी अस्पताल में खराब हुई डिजिटल एक्सरे मशीन आज ठीक होगी। मंगलवार को बागेश्वर के मरीज बसंत बल्लभ को डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने के कारण एक्सरे कराने के लिए बाहर भेज दिया गया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को मशीन ठीक हो गई।