रामनगर (नैनीताल)। ओवरटेक करने को लेकर कार सवार ने रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की। इससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। मारपीट के शिकार रोडवेज चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
रामनगर डिपो की बस संख्या यूके-07पीए-3007 शुक्रवार सुबह सात बजे हरिद्वार जा रही थी। बस में 35 सवारियां बैठी हुई थी। परिचालक अंकित पांडेय ने बताया भवानीगंज से आगे ट्रक यूनियन के पास बस पहुंची, तभी पीछे से आए एक सवार ने कार को बस के आगे रोक दिया। इस दौरान कार चालक ने बस में चढ़कर संविदा चालक भैरवनाथ गोस्वामी के साथ मारपीट करने लगा। उसने चाकू से चालक पर हमला करने का प्रयास किया। वहीं चालक की वर्दी भी फाड़ दी। बाद में काशीपुर तक कार सवार ने बस का पीछा किया। काशीपुर में चीमा चौराहे पर फिर से बस रोककर चालक को मारने की धमकी देने लगा। ऐसे में बस चालक डायल 112 को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सवारियों को दूसरी बस से हरिद्वार भेजकर चालक ने रामनगर कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रथम मोहम्मद यूनुस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।