हल्द्वानी। कोतवाली के सामने तेज रफ्तार कार ने एक व्यवसायी की कार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवारों ने व्यवसायी की पत्नी को थप्पड़ जड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर काफी लोगों ने हमलावरों की कार को घेर लिया। कार सवार खुद को पुलिस कर्मी बता रहे थे। दोनों पक्ष बहस करते हुए कोतवाली थाने में भिड़ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आवास विकास निवासी व्यवसायी चरनजीत सिंह की बहू को डिलीवरी पेन की शिकायत होने पर रविवार की रात परिवार के लोग अस्पताल ले जा रहे थे। व्यवसायी की कार में बहू के साथ पत्नी सुमनजीत कौर, बेटा राबिन भी मौजूद थे। कोतवाली थाने के समीप पहुंचने पर पीछे आ रही कार (यूपी 12एए0033) ने व्यवसायी की कार में टक्कर मार दी। व्यवसायी की पत्नी द्वारा विरोध करने पर अन्य कार पर सवार चार लोग आग बबूला हो गए।
उन्होंने व्यवसायी की पत्नी को थप्पड़ जड़कर चुप कराने की कोशिश की। व्यवसायी के शोर मचाने पर काफी लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। थप्पड़ मारने वाला खुद के पुलिसकर्मी होने का दावा कर रहा था। इस मामले में विरोध जताने के लिए व्यवसायी के समर्थक थाने में इकट्ठा हो गए। थाने में भी दोनों पक्ष आपस में कहासुनी करने लगे। कोतवाल आरएस मेहता का कहना है कि व्यवसायी के तहरीर देने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।