नैनीताल। नैनीताल हल्द्वानी हाईवे पर एरीज बैंड के पास बुधवार देर रात एक कार खाई में गिर गई, जिसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर उन्हें 200 मीटर गहरी खाई से निकाला और बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दो घायलों को हायर सेंटर भेज दिया।
देर रात करीब डेढ़ बजे एरीज बैंड के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार खाई में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर कार सवार मल्लीताल निवासी हिमांशु, चार्टन लॉज निवासी असद अहमद और गौलापार निवासी आदर्श कार्की को खाई से सुरक्षित निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉ. प्रखर गंगोला ने बताया कि तीनों गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर चोट के कारण दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। बचाव दल में एसओ विजय मेहता, एसआई दीपक बिष्ट, चीता कांस्टेबल शिवराज राणा आदि पुलिस कर्मी शामिल थे।